बलिया
रेलवे स्टेशन पर एक सप्ताह से खराब कोच डिस्प्ले, यात्रियों को हो रही परेशानी
प्लेटफॉर्म 1, 2 और 3 पर यात्रियों को कोच खोजने में दिक्कत
डिस्प्ले बंद होने से ट्रेन आने पर मचती है भागदौड़
बलिया। स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1, 2 और 3 पर लगे कोच डिस्प्ले बोर्ड पिछले एक सप्ताह से खराब पड़े हैं। इसके चलते यात्रियों को अपनी आरक्षित बोगी और सीट खोजने के लिए प्लेटफॉर्म पर इधर-उधर दौड़ना पड़ रहा है।
आरक्षित कोच खोजने में यात्रियों को हुई मुश्किल
गुरुवार रात प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर छपरा–गोमती नगर एक्सप्रेस के आगमन के दौरान कोच डिस्प्ले बंद होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन के पहुंचते ही यात्री सामान लेकर अपनी-अपनी बोगी तलाशने के लिए दौड़ते नजर आए।
दूसरे डिब्बे में बैठाना पड़ा परिवार
सागरपाली निवासी धनंजय सिंह ने बताया कि कोच डिस्प्ले खराब होने के कारण उन्हें अपने पिता को दूसरे डिब्बे में बैठाना पड़ा।
वहीं बनरही गांव निवासी उपेंद्र सिंह ने कहा कि कोच तलाशने के दौरान ट्रेन चलने लगी, जिससे मजबूर होकर परिवार को दूसरे डिब्बे में बैठाना पड़ा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से रेल मंत्रालय से कोच डिस्प्ले जल्द ठीक कराने की मांग की है।
तकनीकी खराबी जल्द होगी दूर
स्टेशन अधीक्षक संजय सिंह ने बताया कि कोच डिस्प्ले बोर्ड में तकनीकी खराबी आई है, जिसकी मरम्मत कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन आने से पहले कोच की जानकारी नियमित रूप से उद्घोषणा (अनाउंसमेंट) के माध्यम से दी जा रही है।
