बलिया
इकौनी गांव में मां-बेटी से मारपीट का आरोप, मुकदमा दर्ज, आरोपियों की तलाश
घर में घुसकर मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी का आरोप
घायल युवती को डायल-112 पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
बलिया (फेफना)। फेफना थाना क्षेत्र के इकौनी गांव में मां-बेटी से कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष के आरोप के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेत जाते समय युवती को घेरकर पीटने का आरोप
पीड़ित परिवार के अनुसार, 26 जून की शाम कुछ लोग घर में घुस आए और गुड़िया देवी व उनकी पुत्री सोनम के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया गया।
परिजनों का कहना है कि अगले दिन खेत जाते समय सोनम को रास्ते में घेरकर दोबारा मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
शिकायत के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकायत के बाद भी आरोपी लगातार धमकियां दे रहे हैं।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी
थाना प्रभारी अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और प्रकरण की जांच की जा रही है।
