गाजीपुर
बेटी को जहर देकर हत्या करने के आरोप में मां गिरफ्तार
आत्महत्या के लिए उकसाने के मुकदमे की विवेचना में हुआ खुलासा, पुलिस ने बदली धाराएं
विवेचना में सामने आई हत्या की बात
गाजीपुर | भुड़कुड़ा कोतवाली पुलिस ने अपनी ही पुत्री की कथित रूप से जहर देकर हत्या करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर घटना आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या की पाई गई।
पहले आत्महत्या के लिए उकसाने का दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस के मुताबिक, 22 जून 2026 को पुष्पा देवी ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि नमन नामक युवक द्वारा उसकी पुत्री मुस्कान को आत्महत्या के लिए उकसाया गया, जिसके बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
मां ही निकली आरोपी
विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में हत्या से संबंधित धाराएं जोड़ते हुए वादिनी पुष्पा देवी (43), निवासी ग्राम घटारो, थाना भुड़कुड़ा को बुधवार को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का आरोप है कि उसने अपनी पुत्री को जहर देकर उसकी हत्या की थी।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक रणजीत कुमार सिंह, कांस्टेबल आशुतोष वर्मा एवं महिला कांस्टेबल मानसी सैनी शामिल रहीं।
