Connect with us

गाजीपुर

जिला जज, डीएम और एसपी का जिला कारागार व किशोर गृह में औचक निरीक्षण

Published

on

Loading...
Loading...

बंदियों और किशोरों से सीधे संवाद, भोजन, स्वास्थ्य व सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

मानकों के अनुरूप सुविधाएं सुनिश्चित करने और नियमित निगरानी के दिए निर्देश

गाजीपुर। शासन की मंशा के अनुरूप जिला कारागार एवं किशोर गृहों में रह रहे बंदियों और किशोरों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला जज धर्मेंद्र कुमार पांडे, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने जिला कारागार तथा राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी/राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, बैरकों की स्थिति, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों से सीधे संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही भोजन, चिकित्सा सुविधा और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं के संबंध में भी फीडबैक प्राप्त किया।

अधिकारियों ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा नियमित चिकित्सकीय परीक्षण सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

Advertisement

इसके बाद जिला जज, डीएम और एसपी ने राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी/सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) का निरीक्षण किया। यहां रह रहे किशोरों से स्वास्थ्य, शिक्षा, भोजन, रहन-सहन और पुनर्वास संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई तथा संबंधित अधिकारियों को सभी सुविधाएं गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ संस्थानों में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए साफ-सफाई, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर सीजेएम नूतन द्विवेदी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव नीरज गोंड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page