गाजीपुर
एक जुलाई से रोवर तकनीक से होगी जमीनों की पैमाइश
डीएम बोले— कम होंगे जमीनी विवाद, बढ़ेगी पैमाइश की सटीकता
गाजीपुर।जिले में अब जमीनों की पैमाइश आधुनिक रोवर तकनीक के माध्यम से की जाएगी। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मंगलवार को मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि एक जुलाई से जिले की सभी सातों तहसीलों में इस नई तकनीक से खेतों और जमीनों की नापी शुरू होगी।
अब रोवर से होगी सटीक पैमाइश
जिलाधिकारी ने बताया कि अब तक जमीनों की पैमाइश जरीब के माध्यम से की जाती थी, लेकिन शासन के निर्देश पर अब भारत सरकार के स्पेस विभाग से जुड़ी रोवर तकनीक का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह तकनीक अधिक सटीक और प्रमाणिक है, जिससे नाप-जोख में त्रुटियों की संभावना काफी कम हो जाएगी।
कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण
डीएम के अनुसार जिले की प्रत्येक तहसील को एक-एक रोवर मशीन उपलब्ध कराई गई है और संबंधित कर्मचारियों को इसके संचालन का प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि एक जुलाई को सभी तहसीलों में एक-एक जमीन की पैमाइश पुरानी और नई दोनों तकनीकों से कराई जाएगी, ताकि दोनों की सटीकता का तुलनात्मक परीक्षण किया जा सके।
तकनीक से बढ़ेगा पारदर्शिता का स्तर
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में जमीन संबंधी विवादों की संख्या अधिक है। नई तकनीक के उपयोग से पैमाइश में पारदर्शिता आएगी और विवादों में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है। इससे आम जनता को सही और निष्पक्ष पैमाइश की सुविधा मिल सकेगी।
