Connect with us

वाराणसी

करंट की चपेट में आने से संविदाकर्मी लाइनमैन की मौत

Published

on

Loading...
Loading...

परिजनों ने विभागीय लापरवाही का लगाया आरोप, आश्रित को नौकरी व मुआवजे की मांग

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के भदैनी स्थित पावर हाउस पर तैनात एक संविदा लाइनमैन की बिजली लाइन पर कार्य करने के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, मृतक के परिजनों ने विभागीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा आश्रित को नौकरी और आर्थिक सहायता की मांग की है।

मृतक की पहचान राजातालाब थाना क्षेत्र के भैरोनाथ हरपुर निवासी भरत लाल राजभर (40) के रूप में हुई है। बताया गया कि शनिवार तड़के करीब दो बजे पांडेय घाट के समीप विद्युत लाइन पर कार्य के दौरान वह करंट की चपेट में आ गए, जिससे गंभीर रूप से झुलस गए। साथियों ने उन्हें तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही ट्रॉमा सेंटर पहुंचे मृतक की पत्नी चंदा देवी, बहन संगीता, पिता कल्लू सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

परिजनों का आरोप है कि भरत को रात में बिजली आपूर्ति बंद कर लाइन पर कार्य करने के लिए खंभे पर चढ़ाया गया था, लेकिन कार्य के दौरान संबंधित लाइन की बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने घटना के लिए विभाग के जिम्मेदार कर्मचारियों एवं अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

Advertisement

मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटे बच्चे हैं। परिजनों ने विद्युत विभाग से आश्रित को नौकरी, पेंशन तथा उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

फिलहाल, मामले में विभाग की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना की जांच की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page