भदोही
अवैध खनन पर भदोही पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज, चालक गिरफ्तार
बिना नंबर वाहनों और नाबालिग चालकों पर सख्ती, पुलिस ने जारी की चेतावनी
भदोही। जनपद में अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए भदोही पुलिस ने सख्त अभियान छेड़ दिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना नंबर वाले ट्रैक्टर, डंपर और नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षित यातायात और कानून व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
गोपीगंज में मुकदमा दर्ज, तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 24/25 जून की रात खनन विभाग से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना गोपीगंज में मुकदमा दर्ज किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध खनन में प्रयुक्त तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज कर दिए तथा एक चालक को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार चालक की पहचान रवि कुमार निषाद (34) पुत्र शेषमणि निषाद, निवासी बेरासपुर, थाना गोपीगंज, जनपद भदोही के रूप में हुई है।
शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि जनता से प्राप्त शिकायतों और सूचनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। थानाध्यक्षों और चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अवैध खनन से संबंधित किसी भी शिकायत की तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि लगातार की जा रही कार्रवाई से अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है।
जनता से सहयोग की अपील
भदोही पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध खनन, बालू माफिया या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की सूचना पुलिस और संबंधित अधिकारियों को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा प्राप्त सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का संदेश
“नाबालिगों के ट्रैक्टर संचालन पर सख्त कार्रवाई और सुरक्षित यातायात हमारी प्राथमिकता है। अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।”
