सोनभद्र
सड़क दुर्घटना में दो की मौत
सोनभद्र के गुरमुरा में दर्दनाक सड़क हादसा, एक गंभीर घायल
बरात से लौट रहा था डीजे वाहन, टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी
सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के गुरमुरा स्थित जय गुरुदेव आश्रम के पास वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में डीजे लदे मैजिक वाहन पर सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार रॉबर्ट्सगंज की एक डीजे साउंड सर्विस का मैजिक वाहन दुद्धी क्षेत्र के नगवा गांव में बरात की बुकिंग पूरी कर वापस लौट रहा था। गुरमुरा स्थित जय गुरुदेव आश्रम के समीप पहुंचते ही वाहन सड़क किनारे खड़े एक अज्ञात वाहन से पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक वाहन का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस और एंबुलेंस ने पहुंचकर संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल चंदन (42) पुत्र राजकुमार निवासी चुर्क को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं शिवा (21) पुत्र राजमन निवासी छपका और विनय कुमार (21) पुत्र शिव प्रसाद निवासी गड़वां को मामूली चोटें आईं, जिन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और मामले की जांच में जुटी हुई है।
