बलिया
झाड़-झंखाड़ में गुम हुआ पशु चिकित्सालय, पशुपालकों की बढ़ी परेशानी
एकौनी स्थित पशु अस्पताल परिसर में फैली अव्यवस्था
ग्रामीणों ने साफ-सफाई और रखरखाव की मांग उठाई
नरही (बलिया)। विकास खंड सोहांव की ग्राम सभा एकौनी स्थित पशु चिकित्सालय इन दिनों उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। अस्पताल परिसर में चारों ओर झाड़-झंखाड़ और जंगली घास फैल जाने से न केवल परिसर की सुंदरता प्रभावित हुई है, बल्कि इसकी कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
पशुपालकों की सुविधा के लिए स्थापित इस चिकित्सालय का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को पशुओं के उपचार के लिए दूर-दराज क्षेत्रों में भटकने से बचाना था, लेकिन वर्तमान स्थिति इसके विपरीत नजर आ रही है। अस्पताल परिसर में फैली गंदगी और अव्यवस्था के कारण पशुपालकों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से परिसर की साफ-सफाई नहीं कराई गई है, जिससे अस्पताल की उपयोगिता प्रभावित हो रही है। अस्पताल की बदहाल स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि संबंधित विभाग और अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं है।
नियमित निरीक्षण के अभाव में बढ़ी अव्यवस्था
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि यदि अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण किया जाता, तो अस्पताल परिसर में इस तरह की अव्यवस्था नहीं होती। उन्होंने कहा कि परिसर में उगी झाड़ियां और जंगली घास न केवल असुविधा का कारण बन रही हैं, बल्कि जहरीले जीव-जंतुओं का भी खतरा बढ़ा रही हैं।
ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों का ध्यान आकर्षित करते हुए पशु चिकित्सालय परिसर की तत्काल साफ-सफाई, नियमित रखरखाव एवं आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के पशुपालकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
