गाजीपुर
नाथूपुर मांगारी में लोजपा (रामविलास) की ‘दलित चौपाल’ आयोजित
प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी ने सामाजिक एकजुटता और नेतृत्व निर्माण का किया आह्वान
समाज को अपने अधिकारों के लिए संगठित होने की जरूरत, 403 विधानसभा सीटों पर तैयारी का दिया संदेश
सैदपुर (गाजीपुर)। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) द्वारा ग्राम नाथूपुर मांगारी, जनपद गाजीपुर में “दलित चौपाल” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। चौपाल का आयोजन जिला अध्यक्ष प्रिंस यादव के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
समाज के भीतर से नेतृत्व उभरने पर दिया जोर
चौपाल को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी ने पासी-पासवान एवं दलित समाज से अपने अधिकारों और सामाजिक न्याय के लिए संगठित होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज को अब अपने भीतर से नेतृत्व तैयार करना होगा और दूसरों पर निर्भर रहने की मानसिकता से बाहर निकलना होगा।
उन्होंने कहा कि समाज के सशक्त प्रतिनिधित्व के लिए राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर जागरूकता आवश्यक है। साथ ही युवाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा में आगे आने की जरूरत है।
गौरवशाली इतिहास का किया स्मरण
प्रदेश अध्यक्ष ने समाज के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि पासी-पासवान समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के अनेक वीर शासकों और योद्धाओं ने देश की रक्षा और सामाजिक सम्मान की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्तमान समय में भी समाज को अपनी पहचान और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित प्रयास करने होंगे।
‘पी-3’ की एकजुटता पर दिया बल
राजीव पासी ने “पी-3” (पंडित, पासी-पासवान एवं दलित समाज) की एकता की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इन वर्गों की एकजुटता से सामाजिक और राजनीतिक सशक्तिकरण संभव है। उन्होंने कहा कि समाज को केवल वोट बैंक समझने की राजनीति से ऊपर उठकर अपने नेतृत्व को मजबूत करना होगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने नारा दिया— “क्यों माँगें उधार, अब अपना नेता तैयार।”
गठबंधन पर समाज की राय को बताया महत्वपूर्ण
गठबंधन से जुड़े सवालों पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दलित चौपालों के माध्यम से समाज की जो राय सामने आएगी, पार्टी उसका सम्मान करेगी। उन्होंने कहा कि अंतिम निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के स्तर पर लिया जाएगा, लेकिन संगठन विस्तार और समाज को जोड़ने का अभियान पूरे प्रदेश में लगातार जारी रहेगा।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव आशुतोष सिंह गहरवार, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं एमएलसी प्रभारी वाराणसी प्रशांत श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष प्रिंस यादव, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष शुभम चौधरी, विधानसभा महासचिव सूरज कन्नौजिया, जिला प्रधान महासचिव प्रशांत सोनकर, जिला महासचिव कमलेश यादव, जिला प्रवक्ता राजीव चौरसिया, नगर अध्यक्ष चन्द्रशेखर, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप गुप्ता, महानगर अध्यक्ष वाराणसी गुरु प्रसाद राणा, आशीष पटेल, उत्कर्ष सैनी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पंचायत स्तर तक पहुंचेगी ‘दलित चौपाल’
कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने कहा कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा। ‘दलित चौपाल’ को प्रदेश की पंचायतों, ब्लॉकों और जनपदों तक पहुंचाकर समाज को जागरूक और संगठित करने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
