बलिया
मानसून की देरी से बढ़ी तपिश, 43 डिग्री पर पहुंचा पारा
जून के अंतिम सप्ताह में भी नहीं मिली राहत, उमस और गर्मी से लोग बेहाल
मौसम विशेषज्ञ बोले— फिलहाल राहत के आसार नहीं
बैरिया (बलिया)। मानसून की दस्तक में हो रही देरी के कारण बैरिया क्षेत्र में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। जून का अंतिम सप्ताह चल रहा है, लेकिन लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल रही है। गुरुवार को क्षेत्र का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा।
सुबह नौ बजे से ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर दिखाई देने लगा। दोपहर होते-होते सड़कों और प्रमुख चौराहों पर सन्नाटा छा गया। लोग लू और तेज धूप से बचने के लिए मुंह और कान ढंककर घरों से निकलते नजर आए।
दोपहर 12 बजे से तीन बजे के बीच सुरेमनपुर-बैरिया, बैरिया-मांझी तथा बैरिया-लालगंज मार्गों पर यातायात सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम रहा। भीषण गर्मी के कारण लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचते दिखे।
नमी और गर्म हवाओं ने बढ़ाई परेशानी
करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं और 33 प्रतिशत तक पहुंची नमी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। उमस भरी गर्मी के कारण लोगों को दिनभर बेचैनी का सामना करना पड़ा।
भूगोल एवं मौसम विशेषज्ञ डॉ. गणेश पाठक के अनुसार फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी क्षेत्रवासियों को तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और धूप में निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
