Connect with us

सोनभद्र

ट्रक की चपेट में आने से मासूम की मौत

Published

on

Loading...
Loading...

हादसे के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, ट्रक पर किया पथराव

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा, चालक हिरासत में

सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के बड़होर गांव स्थित मस्जिद तिराहे पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो वर्षीय बालिका की मौत हो गई। चौदह चक्का ट्रक की चपेट में आने से मासूम गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए।

सड़क किनारे खड़ी थी मासूम

जानकारी के अनुसार बड़होर गांव निवासी नूर आलम की दो वर्षीय पुत्री रानादिल सड़क किनारे मौजूद थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे चौदह चक्का ट्रक की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

ट्रक को घेरकर किया पथराव

मासूम की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने ट्रक को घेर लिया और ईंट-पत्थर तथा लाठी-डंडों से हमला कर उसके शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। इससे कुछ समय के लिए मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

Advertisement

अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को कब्जे में ले लिया है। वहीं मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि चालक से पूछताछ की जा रही है तथा परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page