आजमगढ़
मधुमक्खियों के हमले से बुजुर्ग की मौत
बकरी चराने गए व्यक्ति पर टूट पड़ा मधुमक्खियों का झुंड
उपचार के दौरान जिला अस्पताल में हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा कस्बे के कुरैशी मोहल्ला निवासी इश्तियाक कुरैशी (65) की मधुमक्खियों के हमले में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
आम तोड़ने के दौरान भड़कीं मधुमक्खियां
परिजनों के अनुसार इश्तियाक कुरैशी बकरी चराने के लिए फरिहा स्थित सरकारी ट्यूबवेल के पास गए थे। इसी दौरान कुछ लड़के पास के आम के पेड़ से फल तोड़ने के लिए कंकड़ मार रहे थे। पेड़ के समीप मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता लगा हुआ था। कंकड़ छत्ते से टकराते ही मधुमक्खियां भड़क उठीं और झुंड बनाकर आसपास मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।
लड़के भाग निकले, बुजुर्ग मधुमक्खियों के बीच फंस गए
मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए लड़के वहां से भाग निकले, लेकिन इश्तियाक कुरैशी झुंड के बीच फंस गए। मधुमक्खियों ने उनके शरीर पर लगातार डंक मारना शुरू कर दिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ने लगी।
जान बचाने के लिए हौज में कूदे
जान बचाने के प्रयास में इश्तियाक पास स्थित सरकारी ट्यूबवेल के हौज में भरे पानी में उतर गए और काफी देर तक पानी में डूबे रहे। इसके बावजूद मधुमक्खियां पानी के ऊपर मंडराती रहीं। जब सांस लेने में परेशानी होने लगी तो वह बाहर निकलकर खेतों की ओर भागे, लेकिन मधुमक्खियों का झुंड उनका पीछा करता रहा और लगातार डंक मारता रहा।
कंबल ओढ़कर मधुमक्खियों को भगाया
लगातार हमले से उनकी हालत गंभीर हो गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। मधुमक्खियों के आतंक के कारण कोई भी व्यक्ति तत्काल उनके पास जाने का साहस नहीं जुटा सका। बाद में कुछ युवकों ने कंबल ओढ़कर हिम्मत दिखाई और किसी तरह मधुमक्खियों को भगाकर उन्हें वहां से बाहर निकाला।
उपचार के दौरान तोड़ा दम
घायल इश्तियाक कुरैशी को उपचार के लिए फरिहा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में लोग परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे। घटना के बाद पूरे मोहल्ले और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
