भदोही
मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, एसपी ने किया फ्लैग मार्च
गोपीगंज के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस व राजस्व टीम के साथ पैदल गश्त, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, बिना अनुमति नए जुलूस की नहीं होगी अनुमति
भदोही। आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक स्तर पर पैदल गश्त और फ्लैग मार्च किया जा रहा है।
गोपीगंज में पुलिस-प्रशासन ने किया संयुक्त फ्लैग मार्च
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने पुलिस बल और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के साथ कस्बा गोपीगंज के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर फ्लैग मार्च किया। इस दौरान नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम रखने के उद्देश्य से व्यापक गश्त की गई।
पुलिस टीम ने चौराहों, बाजारों तथा संवेदनशील स्थलों पर संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की गहन जांच भी की।
ताजियादारों और व्यापारियों से किया संवाद
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों, ताजियादारों एवं संभ्रांत नागरिकों से मुलाकात कर मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सोशल मीडिया पर अफवाहों से सावधान रहने की अपील
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति कोई भी नया जुलूस नहीं निकाला जाएगा। आमजन से अपील की गई कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें तथा ऐसी किसी सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी दें।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने या अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुरियावां में भी निकाला गया फ्लैग मार्च
इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक सुरियावां ने पीएसी की एक प्लाटून एवं स्थानीय पुलिस बल के साथ कस्बा सुरियावां के संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त और फ्लैग मार्च किया। पुलिस ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क
जनपद भर में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है ताकि मोहर्रम पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
