गाजीपुर
सड़क किनारे गड्ढे में मिला महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर) जयदेश। कोतवाली क्षेत्र के मानिकपुर गांव निवासी एक महिला का शव रविवार सुबह सड़क किनारे गड्ढे में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान लीलावती देवी (50 वर्ष), पत्नी शिवमुनी बिंद के रूप में हुई है। वह शनिवार शाम से लापता थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लीलावती देवी यूसुफपुर बाजार में सब्जी बेचने का कार्य करती थीं। उनके पति शिवमुनी बिंद ने बताया कि शनिवार शाम सब्जी बेचकर लौटते समय उनकी मुलाकात सलेमपुर के पास पत्नी से हुई थी। उन्होंने पत्नी को घर जाने के लिए कहा और स्वयं कुछ कार्यवश वहीं रुक गए। देर रात घर पहुंचने पर पत्नी के न मिलने पर परिजनों एवं ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

रविवार सुबह लगभग पांच बजे शिवमुनी बिंद जब हाटा गांव के सामने मुहम्मदाबाद-चितबड़ागांव मार्ग पर पहुंचे तो सड़क किनारे एक गड्ढे में पत्नी का शव पड़ा मिला। शव के सिर और मुंह पर गंभीर चोट के निशान थे, जबकि एक हाथ और एक पैर में फ्रैक्चर भी पाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
मृतका अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों का अनुमान है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई होगी, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
