गाजीपुर
पूर्व सैनिकों के लंबित प्रकरणों पर सख्त हुए डीएम, विभागों को दिए निर्देश
गाजीपुर (जयदेश)। कार्यालय जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास, गाजीपुर के अंतर्गत जिला सैनिक बंधु की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार, राइफल क्लब गाजीपुर में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत विंग कमांडर मो० निशात अफजल (अ०प्रा०), जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी, गाजीपुर के संबोधन से हुई। बैठक में जनपद के सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण तथा उनके कल्याण से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सैनिकों एवं उनके परिवारों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा एवं सेवा में योगदान देने वाले सैनिकों का सम्मान और कल्याण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। साथ ही निर्देश दिए कि किसी भी पूर्व सैनिक अथवा वीरांगना को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और सभी विभाग संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।

बैठक में सैनिक परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, पेंशन, चिकित्सा सुविधा, भूमि संबंधी प्रकरणों, पारिवारिक पेंशन, आश्रितों को रोजगार, शिक्षा सहायता तथा अन्य लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सैनिकों से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब न हो तथा सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
बैठक में पिछली बैठकों में प्राप्त आवेदन पत्रों के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि फरवरी से अप्रैल तक कुल 35 आवेदन पत्र प्राप्त हुए थे, जिनमें से 24 आवेदन पत्रों के निस्तारण की आख्या प्राप्त हो चुकी है। जबकि 8 प्रकरण शस्त्र संबंधी तथा 3 अन्य विभागों से संबंधित लंबित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन मामलों की आख्या अब तक प्राप्त नहीं हुई है, उन्हें आई०जी०आर०एस० पोर्टल पर संबंधित विभाग के नाम से दर्ज कराया जाए।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने बताया कि 24.05.2026 को पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों द्वारा 24 प्रार्थना पत्र दिए गए, जिनके निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी बताया कि जनपद में पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। साथ ही सैनिक परिवारों की समस्याओं एवं उनके समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी गई। बैठक में उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव जिलाधिकारी के समक्ष रखे, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि पूर्व सैनिक देश की अमूल्य धरोहर हैं और उनका अनुभव समाज एवं राष्ट्र निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सैनिकों से जुड़े मामलों में सहानुभूतिपूर्वक एवं तत्परता के साथ कार्य किया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सैनिक कल्याण से जुड़े मामलों में समन्वय बनाकर कार्य करने तथा सैनिक परिवारों को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में 72 पूर्व सैनिक एवं उनके आश्रित, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, वीर नारियां एवं सैनिक परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे।
