गाजीपुर
मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को किया जागरूक, फल-बिस्कुट बांटकर बढ़ाया उत्साह
जमानियां के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में पुलिस ने सुरक्षा, स्वावलंबन और अधिकारों की दी जानकारी
जमानियां (गाजीपुर)। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के तहत बुधवार शाम कोतवाली पुलिस ने हेतिमपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान छात्राओं को फल, टॉफी और बिस्कुट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बालिकाओं को सुरक्षा, स्वावलंबन और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने और किसी भी विषम परिस्थिति में घबराने के बजाय उचित कदम उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद लेने का संदेश दिया।

पुलिस की इस पहल से छात्राओं में उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।
इस मौके पर इंस्पेक्टर अटल मिश्रा, कांस्टेबल अनूप सिंह, दीपक मिश्रा, अनुभा सिंह, गरिमा निर्मल और पूजा सहित विद्यालय की अध्यापिकाएं मौजूद रहीं।
