Connect with us

वाराणसी

अजय राय के बयान पर गरमाई सियासत, भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका पोस्टर

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय द्वारा महोबा दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और महोबा एसपी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग तथा मां की गाली दिए जाने की खबर सामने आने के बाद काशी में नाराजगी का माहौल देखने को मिला। शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा, काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल के नेतृत्व में काशी के सभ्रांत नागरिक, अधिवक्ता एवं भाजपा कार्यकर्ता जिला मुख्यालय स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर वाराणसी आलोक प्रियदर्शी से मुलाकात कर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ लिखित शिकायत सौंपी।

कांग्रेस नेता के कथित आपत्तिजनक बयान से आहत और नाराज लोगों ने जेसीपी को पूरे प्रकरण की जानकारी देते हुए अजय राय के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई किए जाने की मांग की। शिकायती पत्र का अवलोकन करने के बाद जेसीपी ने प्रतिनिधिमंडल को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इसके बाद पुलिस कमिश्नर कार्यालय से बाहर निकलकर आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं, सभ्रांत लोगों और अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय पर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का पोस्टर दहन कर विरोध जताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा नेता अनूप जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस नेता अजय राय की राजनीतिक स्थिति अब हास्यास्पद और निराशा से घिरी हुई दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति इस प्रकार की अमर्यादित भाषा का प्रयोग निंदनीय है। अनूप जायसवाल ने कहा कि जब पीएम और महोबा एसपी को मां की गाली देने वाला वीडियो प्रसारित हुआ तो कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उसे एआई जनरेटेड बताने लगे, जबकि वास्तव में वह “बेहयाई जनरेटेड वीडियो” है, जो कांग्रेस नेता के चरित्र को समाज के सामने प्रदर्शित कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोग वीडियो देखने के बाद अजय राय की आलोचना कर रहे हैं।

Advertisement

उन्होंने आगे कहा कि महोबा में प्रधानमंत्री के खिलाफ दिया गया बयान अमर्यादित और असामाजिकता की मिसाल है। अजय राय ने अपने इस आचरण से काशी की जनता की भावनाओं को आहत करने के साथ-साथ काशी की संस्कृति पर भी प्रहार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी को गाली देकर अजय राय ने पिछड़े समाज का भी अपमान किया है, जो निंदनीय है। इसी कारण नाम अजय होने के बावजूद वह लगातार “पराजय राय” बनते जा रहे हैं।

कार्यक्रम का संचालन विहिप नेता विपुल कुमार पाठक ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन धीरेंद्र शर्मा एडवोकेट ने किया। कार्यक्रम में विशेष रूप से भाजपा काशी क्षेत्र कार्यालय मंत्री अधिवक्ता श्रीप्रकाश शुक्ला, विपुल कुमार पाठक, शंकर जायसवाल, रजनीश अग्रवाल एडवोकेट, सुनील कन्नौजिया एडवोकेट, राहुल जायसवाल, धीरेंद्र शर्मा एडवोकेट, प्रदीप जायसवाल, रविशंकर जी, संजय गुप्ता, सुबीर गुप्ता, जय किशन गुप्ता, राहुल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में सभ्रांत लोग उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page