गोरखपुर
25 हजार का इनामी पशु तस्कर गोरखपुर में गिरफ्तार
गोरखपुर। तिवारीपुर थाना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी वांछित पशु तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी कोतवाली के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक तिवारीपुर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कमलेन्द्र सिंह और पुलिस टीम ने थाना तिवारीपुर पर दर्ज मुकदमा संख्या 253/2019 से संबंधित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त छोटकल्ली उर्फ खुशुबुद्दीन पुत्र बिस्मिल्लाह निवासी शेखटोलिया बनवीरपुर, थाना कोतवाली पडरौना, जनपद कुशीनगर को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 30 जुलाई 2019 को चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने पशुओं से लदे एक पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया था। आरोप है कि अभियुक्त ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए पुलिसकर्मियों को जान से मारने की नीयत से कुचलने का प्रयास किया। इस मामले में थाना तिवारीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
अभियुक्त छोटकल्ली उर्फ खुशुबुद्दीन के खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना तिवारीपुर, गोरखनाथ और शाहपुर में हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, फर्जी दस्तावेज, गौ हत्या निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और आयुध अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं।
