गोरखपुर
हत्या के प्रयास मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर। गगहा थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी बाँसगांव और प्रभारी निरीक्षक गगहा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक रवि सिंह और पुलिस टीम ने थाना गगहा पर दर्ज मुकदमा संख्या 204/2026 से संबंधित अभियुक्त लालमन यादव और धर्मेंद्र यादव को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3), 333 और 109(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 6 मई 2026 को आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से वादी के घर में घुसकर वादी और उसके परिजनों पर लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर गगहा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्तों में लालमन यादव पुत्र केशव प्रसाद यादव और धर्मेंद्र यादव पुत्र केशव प्रसाद यादव निवासी ग्राम मलौली, थाना गगहा, जनपद गोरखपुर शामिल हैं।
