गोरखपुर
गहनों के साथ पकड़ाया चोर, सहजनवा थाने से फरार
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
गोरखपुर। जिले के सहजनवा थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में पकड़े गए एक आरोपी के पुलिस लॉकअप से फरार होने का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। खास बात यह है कि आरोपी को परिजनों ने घर के अंदर चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़कर चोरी के गहनों के साथ पुलिस के हवाले किया था, लेकिन थाने से उसके फरार होने के बाद पूरे घटनाक्रम पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामला सहजनवा थाना क्षेत्र के डोहरिया कला गांव का है। पीड़ित दिनेश चौरसिया पुत्र श्रीराम चौरसिया के अनुसार शुक्रवार की रात उनके घर में चोरी की घटना हो रही थी। आहट मिलने पर परिजन जाग गए और घर के अंदर मौजूद चोर को पकड़ लिया। परिजनों ने आरोपी को कमरे में बंद कर दिया, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
बताया जा रहा है कि जब ग्रामीण आरोपी को बाहर निकालने का प्रयास कर रहे थे, तभी उसने घर में रखा डीजल अपने शरीर पर उड़ेल लिया और आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह उसे काबू में लिया और चोरी के गहनों के साथ थाने ले आई। आरोपी को सहजनवा थाने के लॉकअप में बंद कर दिया गया था।
सूत्रों के मुताबिक शनिवार शाम करीब सात बजे आरोपी ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों से लघुशंका जाने की बात कही। इस पर गार्ड उसे लॉकअप से बाहर लेकर निकला। इसी दौरान आरोपी मौका पाकर तेज गति से भागा और थाने की चारदीवारी फांदकर फरार हो गया।
थाने से आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और उसकी तलाश में टीमों को लगाया गया, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पहले पुलिस को नामजद तहरीर दी गई थी, लेकिन आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसको लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को रिपोर्ट भेजी गई है। वहीं सीओ गीडा योगेंद्र सिंह ने कहा कि दोषियों पर कार्रवाई के साथ फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
