गोरखपुर
सौतेले पिता पर बेटी को भगाने का आरोप, मां की तहरीर पर केस दर्ज
गोरखपुर। जनपद के हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने दूसरे पति पर अपनी 19 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर साथ ले जाने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।
मामला सहजनवा तहसील अंतर्गत हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पीड़ित महिला द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 16 मई 2026 की रात लगभग साढ़े दस बजे उसकी 19 वर्षीय बालिग बेटी घर से लापता हो गई। महिला का आरोप है कि उसका दूसरा पति दिनेश पुत्र राम पलट, निवासी ग्राम भैंसइया थाना हरपुर-बुदहट, बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
महिला ने बताया कि बेटी के अचानक गायब होने के बाद परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। काफी तलाश के बाद जब बेटी का पता नहीं चला तो महिला ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मामला इसलिए भी संवेदनशील माना जा रहा है क्योंकि आरोप महिला के दूसरे पति यानी युवती के सौतेले पिता पर लगा है। पारिवारिक रिश्तों से जुड़े इस प्रकरण ने स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया है।
हरपुर-बुदहट पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी दिनेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब युवती की तलाश में जुट गई है और संभावित ठिकानों पर जानकारी जुटाई जा रही है।
थानाध्यक्ष हरपुर-बुदहट प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवती की बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही युवती को तलाश कर मामले के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।
