गोरखपुर
ऑटो चालक पर धारदार हथियार से हमला, पत्नी घायल; आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर। झंगहा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पत्नी द्वारा सामान शहर भेजने के लिए ऑटो चालक को बुलाना पति को इतना नागवार गुजरा कि उसने धारदार हथियार से हमला कर ऑटो चालक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी पर भी उसने हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार घटना 17 मई 2026 की है। आरोपी की पहचान जितेन्द्र निषाद पुत्र कमला निषाद निवासी ग्राम ब्रम्हपुर, टोला पिपरपाती, थाना झंगहा, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना झंगहा में मु0अ0सं0 274/2026 के तहत धारा 109(1) भारतीय न्याय संहिता में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी की पत्नी ने घर का सामान शहर भिजवाने के लिए वादी के भाई को बुलाया था, जो ऑटो चालक है। ऑटो चालक के घर पहुंचते ही आरोपी भड़क उठा और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने जानलेवा इरादे से धारदार हथियार से ऑटो चालक पर हमला कर दिया।
हमले में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर आरोपी की पत्नी बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह स्थिति को संभाला।
सूचना मिलने पर झंगहा पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने साक्ष्य संकलित करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
