खेल
SRH vs CSK : हैदराबाद ने चेन्नई को हराकर प्लेऑफ में बनाई जगह
नई दिल्ली। सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हराकर आईपीएल प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली। चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 181 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद ने 19 ओवर में पांच विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। टीम की जीत में ईशान किशन ने 47 गेंदों पर सात चौके और तीन छक्कों की मदद से 70 रन की शानदार पारी खेली। वहीं हेनरिक क्लासेन ने 26 गेंदों पर छह चौके और दो छक्कों की सहायता से 47 रन बनाए।

इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 180 रन बनाए। चेन्नई की ओर से डेवाल्ड ब्रेविस ने 27 गेंदों पर दो चौके और चार छक्कों की मदद से 44 रन बनाए, जबकि कार्तिक शर्मा ने 19 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की सहायता से 32 रन की पारी खेली।

मुकाबले की शुरुआत में चेन्नई के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। संजू सैमसन और गायकवाड़ ने पारी की शुरुआत की। तीसरे ओवर में पैट कमिंस ने संजू सैमसन को आउट कर चेन्नई को पहला झटका दिया। संजू ने 13 गेंदों पर 27 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा। इसके बाद उर्विल पटेल भी आठ गेंदों पर 13 रन बनाकर आउट हो गए। पावरप्ले समाप्त होने तक चेन्नई ने दो विकेट खोकर 57 रन बना लिए थे।

मध्यक्रम में कार्तिक शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस ने टीम को संभाला। कार्तिक शर्मा ने 19 गेंदों पर 32 रन बनाए, जबकि ब्रेविस 27 गेंदों पर 44 रन बनाकर अर्धशतक से चूक गए। शिवम दुबे ने भी 23 गेंदों पर 26 रन का योगदान दिया। निर्धारित 20 ओवर में चेन्नई की टीम सात विकेट खोकर 180 रन ही बना सकी।
181 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही और ट्रेविस हेड छह रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने पारी को संभाला। अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों पर 26 रन बनाए। पावरप्ले तक हैदराबाद का स्कोर एक विकेट पर 45 रन था।

ईशान किशन ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर 70 रन बनाए और टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। हेनरिक क्लासेन ने भी 26 गेंदों पर 47 रन की तेज पारी खेली। 15 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर तीन विकेट पर 137 रन था। अंतिम ओवरों में टीम ने तेजी से रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
19वें ओवर की आखिरी गेंद पर स्मरण रविचंद्रन ने चौका लगाकर हैदराबाद को जीत दिलाई। इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने प्लेऑफ में प्रवेश कर लिया। वहीं गुजरात की टीम भी प्लेऑफ में पहुंच गई।
