गाजीपुर
बाढ़ व कटान रोधी कार्यों का डीएम अनुपम शुक्ला ने किया निरीक्षण
गाजीपुर (जयदेश)। जनपद में संभावित बाढ़ और कटान को देखते हुए संचालित निर्माणाधीन परियोजनाओं का जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील सदर क्षेत्र के कुर्था तथा तहसील सैदपुर स्थित बूढ़ेनाथ महादेव मंदिर पर चल रहे कटान रोधी कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्ध प्रगति और निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जा रहे कार्यों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य तय मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराए जाएं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्माण स्थल पर प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता की भी जांच की और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है, इसलिए निर्माण कार्य समय से पूर्ण कराया जाए। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कार्यों की प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर रवीश गुप्ता, उपजिलाधिकारी सैदपुर ज्योति चौरसियां, अधिशासी अभियन्ता देवकली पम्प कैनाल राजेन्द्र प्रसाद, कार्यदायी संस्था के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
