Connect with us

वाराणसी

रिंग रोड किनारे शव दफनाने की अफवाह पर हंगामा, खुदाई में निकला मृत पशु

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जिले के लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के एढे गांव में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब रिंग रोड किनारे स्थित कूड़ा डंपिंग स्थल पर जेसीबी से शव दबाने की अफवाह फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और नगर निगम की कूड़ा गाड़ियों को रोक दिया।

ग्रामीणों ने मामले की जानकारी डायल 112 को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया कि वहां किसी इंसान का नहीं बल्कि मृत पशु का शव दफनाया गया है। हालांकि ग्रामीण पुलिस की बात मानने को तैयार नहीं हुए और दोबारा खुदाई कराने की मांग पर अड़ गए। इसी बीच एक ऑटो पकड़े जाने की चर्चा भी क्षेत्र में होती रही, जिससे सामान लाकर फेंके जाने की बात कही जा रही थी।

स्थिति को देखते हुए लालपुर पुलिस ने दोबारा जेसीबी मंगवाकर खुदाई कराई। खुदाई में मृत जानवर का शव मिलने के बाद ग्रामीण शांत हुए और हंगामा समाप्त हो गया। इंस्पेक्टर लालपुर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों में मानव शव दफनाने को लेकर भ्रम फैल गया था। दोबारा खुदाई कराकर पशु का शव दिखा दिया गया, जिसके बाद हालात सामान्य हो गए।

घटना के बाद क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल बना रहा। ग्रामीणों का कहना था कि इस तरह की अफवाहें समाज में अशांति फैलाने का काम करती हैं। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पहले से कुछ संदिग्ध गतिविधियों की चर्चा होती रही थी, लेकिन इस अफवाह के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

Advertisement

मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी चलती रहीं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार ऑटो संख्या यूपी 65 LT 8262 से पशुओं का मांस बोरियों में भरकर रिंग रोड के रास्ते कहीं ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने ऑटो को पकड़ लिया। चर्चा यह भी रही कि सोमवार सुबह करीब पांच बजे जेसीबी से लगभग सात फीट गहरी खुदाई कर सात बोरियों को जमीन में दबाया गया था।

ग्रामीणों के विरोध और हंगामे के बाद मामला खुलकर सामने आया। हालांकि पुलिस पूरे प्रकरण को मृत पशु से जुड़ा बता रही है। ग्रामीणों का कहना था कि सात बोरियों में आखिर क्या भरकर दफनाया गया था और पुलिस इतनी सुबह जेसीबी मंगवाकर पशु का शव क्यों दफना रही थी। संबंधित ऑटो फिलहाल लालपुर पुलिस चौकी पर पुलिस कब्जे में बताया जा रहा है।

थाना लालपुर पांडेयपुर की ओर से जारी स्पष्टीकरण में बताया गया कि सुबह करीब चार बजे पीआरवी की सूचना पर फैंटम 55 व रात्रिधिकारी चंद्रा रेजिडेंसी हुकुलगंज के सामने डिवाइडर में ऑटो UP 65 LT 8262 के टकराकर पलटने की सूचना मिली। हादसे में चालक शाहील और नाजरा पत्नी शाहील घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार मौके पर पहुंचकर पलटी हुई ऑटो को सीधा कराया गया। ऑटो में रखे बोरों के बारे में पूछने पर शाहील ने बताया कि उसमें भैंस का मांस था, जिसे शादी में ले जाया जा रहा था। घायलों को दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय में उपचार के लिए भेजा गया और मांस को लालपुर स्थित कूड़ा घर में जमीन के नीचे गाड़ दिया गया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page