दुर्घटना
ट्रक-मैजिक भिड़ंत में 10 लोगों की मौत, चार घायल
लखीमपुर। पीलीभीत-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर सोमवार सुबह सिसैया क्षेत्र के पास एक तेज रफ्तार ट्रक और यात्रियों से भरी टाटा मैजिक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मैजिक वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार टाटा मैजिक में 14 सवारियां मौजूद थीं, जो लखीमपुर से ईसानगर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से वाहन की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर होते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर जताया शोक
स्थानीय लोगों की सहायता से मैजिक में फंसे घायलों और शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को सीएचसी खमरिया पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 10 लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल चार लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर लंबा जाम लगा रहा।
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि हादसे में 10 लोगों की मौत हुई है, जबकि चार लोग घायल हैं। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस मृतकों की शिनाख्त कराने के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
