वाराणसी
निर्माण में अनियमितता पर दो फर्मों पर सात लाख का जुर्माना
निरीक्षण में सीनियर केयर सेंटर और सारनाथ जोन कार्यालय के निर्माण कार्य में मिली खामियां
धीमी प्रगति और घटिया निर्माण सामग्री पर नगर आयुक्त ने लगाया अर्थदंड
छह महीने में केवल आधा बेसमेंट बनने पर ठेकेदार पर दो लाख रुपये की कार्रवाई
वाराणसी। नगर निगम ने शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों में बरती जा रही लापरवाही को गंभीरता से लिया है। विकास कार्यों में अनियमितता और घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल को लेकर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संबंधित दो फर्मों पर कुल सात लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी धन के दुरुपयोग और गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
नगर आयुक्त रविवार को सबसे पहले बड़ा लालपुर स्थित निर्माणाधीन सीनियर केयर सेंटर के स्थलीय निरीक्षण के लिए पहुंचे। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की रफ्तार काफी धीमी पाई गई। वहीं, गुणवत्ता की जांच में निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं मिला। इस पर नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित कार्यदायी संस्था पर तत्काल पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।

इसके बाद नगर आयुक्त पांडेपुर-पंचकोशी मार्ग पर निर्माणाधीन सारनाथ जोन कार्यालय भवन का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां ठेकेदार की लापरवाही स्पष्ट रूप से सामने आई। कार्य शुरू हुए छह महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मौके पर केवल आधा-अधूरा बेसमेंट ही तैयार मिला। साथ ही निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता भी बेहद खराब पाई गई। कार्य में शिथिलता और घटिया सामग्री के प्रयोग पर नगर आयुक्त ने संबंधित फर्म पर दो लाख रुपये का अर्थदंड लगाया।
नालों की तल्ली झाड़ सफाई के निर्देश, कच्चे नाले को पक्का करने का बनेगा प्रस्ताव
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने ऐढ़े (बड़ा लालपुर) स्थित 4.5 किलोमीटर लंबे बड़े कच्चे नाले की सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने इस नाले को भविष्य में पक्का कराने के लिए जल्द प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही पांडेपुर-पंचकोशी मार्ग स्थित नरोखर नाला और पाल बस्ती नाले के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मॉनसून से पहले सिल्ट हटाकर नालों की ‘तल्ली झाड़’ यानी पूरी गहराई तक सफाई हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के नायब तहसीलदार शेषनाथ यादव, सहायक अभियंता (सिविल) अनूप सिंह, मिथुन कुमार, सहायक अभियंता (सिविल), सलमान, अवर अभियंता (सिविल), अवर अभियंता (सिविल) शिव कुमार सरोज एवं संबंधित फर्मों के प्रतिनिधि मौके पर उपस्थित रहे।
