वाराणसी
कर्मचारियों को ई-स्कूटर दिलाएगा वीडीए, शुरू हुआ ग्रीन मोबिलिटी अभियान
वाराणसी। पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत और सतत शहरी विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने ग्रीन मोबिलिटी अभियान की शुरुआत की है। अभियान के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों को इलेक्ट्रिक दो पहिया वाहनों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
प्राधिकरण में करीब 400 से अधिक नियमित एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें से लगभग 90 प्रतिशत कर्मचारी प्रतिदिन कार्यालय आने-जाने, फील्ड निरीक्षण, प्रवर्तन और परियोजना अनुश्रवण जैसे कार्यों के लिए पेट्रोल चालित दोपहिया वाहनों का उपयोग करते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए वीडीए ने ई-वाहनों को बढ़ावा देने का निर्णय लिया है, ताकि ईंधन खर्च और कार्बन उत्सर्जन दोनों में कमी लाई जा सके।

अभियान के प्रथम चरण में 100 ई-वाहनों का ऑर्डर दिया जा रहा है। कर्मचारियों को ई-वाहन खरीदने के लिए विभिन्न कंपनियों और डीलरों से संस्थागत छूट दिलाने की पहल की गई है। साथ ही बैंकों और वित्तीय संस्थाओं के सहयोग से कम ब्याज दर पर आसान ऋण सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्यवाही चल रही है। राज्य और केंद्र सरकार की सब्सिडी योजनाओं, रोड टैक्स एवं पंजीकरण शुल्क में छूट का लाभ भी कर्मचारियों को मिलेगा। इसके अलावा प्राधिकरण के मुख्य और जोनल कार्यालयों में ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जाएंगे, जिनका उपयोग आम नागरिक भी कर सकेंगे।
वीडीए के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने बताया कि, पेट्रोलियम पदार्थों के संकट को देखते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों पर जोर दिया गया है। अधिकारियों-कर्मचारियों के इलेक्ट्रिक दो पहिया वाहनों के उपयोग से प्रतिदिन करीब चार सौ लीटर पेट्रोल और दो सौ लीटर से अधिक डीजल की बचत होगी। पहले चरण में 100 इलेक्ट्रिक दो पहिया वाहन मंगाए गए हैं।
