Connect with us

पूर्वांचल

लापरवाही पर तीन कर्मचारियों को नोटिस; दो सफाईकर्मियों का रोका वेतन

Published

on

Loading...
Loading...

सीडीओ के औचक निरीक्षण में खुली पोल

बस्ती। विकास खंड रुधौली में शासकीय कार्यों में लापरवाही और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करने के मामले में कार्रवाई की गई है। सीडीओ सार्थक अग्रवाल द्वारा विकास खंड कार्यालय रुधौली के औचक निरीक्षण में मिली कमियों तथा संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के बाद बीडीओ अनिल यादव ने तीन कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं दो सफाईकर्मियों का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया गया है।

संपूर्ण समाधान दिवस में ग्राम पंचायत बांसखोर कला निवासी सूरज ने शिकायत दर्ज कराई कि गुजरपुरवा से बांसखोर कला जाने वाली लगभग 200 मीटर सड़क दब गई है, जिससे वहां जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

इस मामले में जब बीडीओ अनिल यादव ने सचिव तीरथ प्रसाद से संपर्क करने का प्रयास किया तो उनका मोबाइल बंद मिला। मोबाइल बंद रखना गंभीर लापरवाही मानते हुए बीडीओ ने उन्हें नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद बस्ती में संभावित भ्रमण को देखते हुए सीडीओ सार्थक अग्रवाल ने रुधौली विकासखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विकासखंड परिसर स्थित सामुदायिक शौचालय अधूरा मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई।

Advertisement

इस लापरवाही को लेकर बीडीओ ने अवर अभियंता चन्दन गुप्ता को भी तीन दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने का नोटिस जारी किया है। इसी क्रम में स्थापना पटल से संबंधित सेवा पुस्तिकाएं सत्यापित न मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। इसके बाद बीडीओ ने पटल प्रभारी जुलफेकार अहमद सिद्दीकी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए दो दिन के भीतर संबंधित कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाएं सत्यापित कर आख्या प्रस्तुत करने तथा स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया।

इसके अलावा सीडीओ को संपूर्ण समाधान दिवस में ग्राम पंचायत बखरिया निवासी जाहिद अली ने शिकायत दी कि गांव में तैनात सफाईकर्मियों द्वारा साफ-सफाई नहीं किए जाने से गंदगी फैली हुई है।

ग्राम प्रधान सईद अहमद और सचिव शैलेन्द्र त्रिपाठी द्वारा एक सप्ताह पूर्व नाली सफाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद सफाईकर्मियों ने कार्य नहीं किया था। उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने पर बीडीओ ने बखरिया में तैनात सफाईकर्मी जवाहर लाल और अमलेश कुमार का मई माह का वेतन अगले आदेश तक बाधित कर दिया है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page