गाजीपुर
नंदगंज पुलिस ने मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी बदमाश को दबोचा
नंदगंज (गाजीपुर) जयदेश। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नंदगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना नंदगंज पुलिस टीम ने मु0अ0सं0 150/2024 धारा 309(4) बीएनएस से संबंधित 25 हजार रुपये के इनामिया वांछित अभियुक्त को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, बीती रात थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त मोनू यादव पुत्र प्रेम बहादुर उर्फ मुलायम यादव हाईवे से ग्राम रेवसा जाने वाले लिंक मार्ग पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की, जहां बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल अभियुक्त को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल गाजीपुर भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोनू यादव पुत्र प्रेमबहादुर यादव उर्फ मुलायम यादव निवासी ग्राम जरासी, थाना चंदवक, जौनपुर के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 24 वर्ष बताई गयी है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त पर आजमगढ़, गाजीपुर सहित विभिन्न जनपदों में चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं में डेढ़ दर्जन के करीब मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई पूर्ण करके न्यायालय भेजा गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव, आरक्षी जमील अंसारी, आरक्षी अभिषेक, आरक्षी देवराज मिश्र तथा आरक्षी केशव निषाद रहें।
