राष्ट्रीय
यूएई करेगा भारत में 5 अरब डॉलर का निवेश, पीएम मोदी की मौजूदगी में हुए अहम समझौते
पीएम मोदी के UAE दौरे से खुला निवेश और ऊर्जा समझौतों का नया अध्याय
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी पांच देशों की यात्रा के पहले चरण में शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी अबू धाबी पहुंचे। इस संक्षिप्त दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की मौजूदगी में दोनों देशों के बीच कई एमओयू का आदान-प्रदान हुआ, जिनमें रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार से जुड़ा समझौता भी शामिल रहा। इस अवसर पर पीएम मोदी ने ईरान द्वारा यूएई पर किए गए हमलों की निंदा भी की। अबू धाबी एयरपोर्ट पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार को लेकर हुआ समझौता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ( Narendra Modi) के इस दौरे के दौरान भारत और यूएई के बीच रणनीतिक रक्षा साझेदारी के तहत महत्वपूर्ण समझौते हुए। साथ ही रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार से संबंधित एमओयू पर भी हस्ताक्षर किए गए।

यूएई करेगा 5 अरब डॉलर का निवेश
प्रधानमंत्री मोदी और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच एलपीजी आपूर्ति को लेकर भी समझौता हुआ। भारत और यूएई के बीच गुजरात के वाडिनार में जहाजों की मरम्मत को लेकर भी सहमति बनी है। यूएई ने भारत में 5 अरब डॉलर निवेश करने की घोषणा की है। यह निवेश इंफ्रास्ट्रक्चर, RBL बैंक और सम्मान कैपिटल में किया जाएगा।
यूएई पर हुए हमलों की पीएम मोदी ने की निंदा
मध्य-पूर्व की मौजूदा स्थिति पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “यूएई पर हुए हमलों की हम कड़ी निंदा करते हैं। यूएई को जिस प्रकार निशाना बनाया गया है, वह किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है।”

बातचीत और कूटनीति से निकले समाधान
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में यूएई ने जिस संयम और साहस का परिचय दिया है, वह सराहनीय है। पश्चिम एशिया में युद्ध जैसी परिस्थितियों का असर आज पूरी दुनिया पर दिखाई दे रहा है। भारत ने हमेशा समस्याओं के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति को प्राथमिकता दी है।

हॉर्मुज में अंतरराष्ट्रीय कानूनों के सम्मान पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का “स्वतंत्र और खुला” रहना बेहद आवश्यक है और वहां अंतरराष्ट्रीय कानूनों का सम्मान किया जाना चाहिए।

पांच देशों की यात्रा पर हैं पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत हर परिस्थिति में यूएई के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और आगे भी खड़ा रहेगा।उन्होंने कहा कि भारत क्षेत्र में जल्द शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए हरसंभव सहयोग देने को तैयार है। प्रधानमंत्री मोदी इस समय पांच देशों की यात्रा पर हैं। यूएई के बाद उनकी यात्रा का अगला पड़ाव नीदरलैंड्स होगा, जबकि इस दौरे का समापन इटली में होगा।
