Connect with us

वाराणसी

गहनों से दूरी बना रहे ग्राहक, नकद और जमीन निवेश की ओर बढ़ा रुझान

Published

on

Loading...
Loading...

आयात शुल्क बढ़ते ही सराफा बाजार में सन्नाटा, लाखों का कारोबार प्रभावित

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोने की खरीद कम करने की अपील और आयात पर 15 प्रतिशत शुल्क लगाए जाने के बाद जिले में बीते 24 घंटे के भीतर करीब 200 लोगों ने अपने गहनों की बुकिंग रद्द करा दी। सराफा कारोबारियों के अनुसार, इनमें लगभग 70 प्रतिशत परिवारों में आने वाले दिनों में शादियां तय थीं, जबकि 30 प्रतिशत लोगों ने निवेश के उद्देश्य से गहनों की बुकिंग कराई थी। कारोबारियों का कहना है कि इससे उन्हें लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है।

व्यापारियों के मुताबिक, पिछले चार-पांच दिनों से सराफा कारोबार में भारी असमंजस बना हुआ है। पिंडरा के कारोबारी सूरज सेठ ने बताया कि बुधवार को सोने पर 15 प्रतिशत आयात शुल्क लागू होने के बाद कई व्यापारियों को पुराने रेट पर ही गहनों की डिलीवरी देनी पड़ी। वाराणसी स्वर्णकार व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र सेठ ने बताया कि कई आभूषणों की डिलीवरी तुरंत संभव नहीं होती। ग्राहक पहले बुकिंग कराते हैं और तय तारीख पर उन्हें गहने दिए जाते हैं। कोयंबटूर, बंगाल और मद्रास डिजाइन के गहनों को तैयार करने में तीन दिन से लेकर एक महीने तक का समय लग जाता है। बाजार में जारी उथल-पुथल के चलते कई ग्राहकों ने 10 से 15 दिन पहले कराई गई बुकिंग रद्द करा दी है।

रेशम कटरा के वरिष्ठ कारोबारी विष्णु दयाल सेठ ने कहा कि सराफा कारोबार पूरी तरह भरोसे पर चलता है। लोग विश्वास के आधार पर गहनों की खरीद करते हैं। सोने और चांदी की बढ़ती कीमतों से व्यापार पहले ही प्रभावित था, वहीं आयात शुल्क लगने के बाद कारोबार बंद होने की स्थिति में पहुंचता दिखाई दे रहा है।

वाराणसी सराफा एसोसिएशन के महामंत्री रवि सराफ ने बताया कि बुधवार और गुरुवार को बाजार में काफी सन्नाटा रहा और सामान्य दिनों की तुलना में बिक्री आधी रह गई। व्यापारियों को घाटे में सौदा करना पड़ रहा है। इस समय ग्राहकों को दुकान तक लाना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।

Advertisement

चोलापुर के सच्चे लाल प्रजापति की बेटी की शादी 28 मई को है। सोने-चांदी के बढ़ते दामों की वजह से शोरूम पर लगातार बहस की स्थिति बन रही थी। उन्होंने 15 दिन पहले पांच लाख रुपये के गहनों का ऑर्डर दिया था। इनमें दो लाख रुपये के गहने तैयार मिल गए, लेकिन तीन लाख रुपये की बुकिंग रद्द करा दी गई। सच्चे लाल ने बताया कि अब वह बेटी और दामाद को नकद राशि देंगे।

वहीं, सिगरा निवासी प्रियंका सिंह की छोटी बहन की शादी 24 जून को है। पीएम की अपील और सोने की लगातार बढ़ती कीमतों को देखते हुए उन्होंने आठ लाख रुपये के गहनों का ऑर्डर रद्द करा दिया। अब वह अपनी बहन को उतनी ही रकम नकद देने की तैयारी में हैं।

इसके अलावा, चांदमारी के प्रकाश अग्रवाल के बेटे की शादी 29 जून को होनी है। उन्होंने अपनी बहू के लिए 15 लाख रुपये के गहनों का ऑर्डर दिया था, लेकिन अब बुकिंग रद्द कराकर बहू के नाम जमीन खरीदने का फैसला लिया है।

वाराणसी सराफा एसोसिएशन के अनुसार, 24 घंटे के भीतर सोने की कीमत में प्रति 10 ग्राम करीब 9 हजार रुपये की तेजी दर्ज की गई। मंगलवार को जो सोना 1,57,000 रुपये प्रति 10 ग्राम बिक रहा था, उसकी कीमत बुधवार को बढ़कर 1,66,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गई। वहीं चांदी की कीमत में भी लगभग 24 हजार रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा हुआ। एक दिन पहले 2,76,000 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही चांदी बुधवार को बढ़कर तीन लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई। कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव से बाजार में अस्थिरता बनी हुई है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page