वाराणसी
सुसुवाही मार्ग पर जाम सीवर लाइन की सफाई शुरू, लोगों को मिली आंशिक राहत
वाराणसी। सुसुवाही मार्ग पर लंबे समय से बनी सीवर ओवरफ्लो की समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद नगर निगम ने आखिरकार सक्रियता दिखाते हुए सफाई अभियान शुरू कर दिया है। खबर के प्रकाशन के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और जाम पड़ी सीवर लाइन की सफाई कराई गई, जिससे क्षेत्रवासियों को आंशिक राहत मिली है।जानकारी के अनुसार, नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल के पास बीते कई महीनों से सड़क पर सीवर का गंदा पानी बह रहा था। इस वजह से राहगीरों, स्कूली बच्चों, स्थानीय लोगों और मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
बदबू और गंदगी के कारण लोगों में नगर निगम के प्रति नाराजगी भी बढ़ती जा रही थी।मामला सामने आने के बाद नगर निगम अधिकारियों ने गुरुवार को स्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान यह पाया गया कि सीवर लाइन में भारी मात्रा में सिल्ट जमा होने से पानी का प्रवाह बाधित हो रहा था, जिसके चलते गंदा पानी सड़क पर फैल रहा था। इसके बाद कर्मचारियों और मशीनों की मदद से लाइन की सफाई कराई गई और जमा कचरा बाहर निकाला गया।

स्थानीय नागरिकों के मुताबिक, सड़क पर फैले गंदे पानी के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया था। गुजरते वाहनों से पानी उछलकर लोगों के कपड़ों पर पड़ता था, जिससे खासतौर पर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। कई लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।यह मार्ग क्षेत्र का एक प्रमुख और व्यस्त रास्ता है, जिससे प्रतिदिन काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, कर्मचारी, मरीज और तीमारदार गुजरते हैं। इसके अलावा आसपास के स्कूलों के बच्चे भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं।साथ ही, सड़क किनारे स्थित शिव मंदिर और विश्वनाथ मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को भी गंदे पानी के बीच होकर गुजरना पड़ रहा था, जिससे उनकी आस्था और सुविधा दोनों प्रभावित हो रही थीं।
क्षेत्रीय पार्षद गुड्डू पटेल ने बताया कि समस्या को लेकर लगातार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा था। खबर के बाद विभाग ने संज्ञान लेते हुए सफाई कार्य शुरू कराया। उन्होंने कहा कि फिलहाल राहत के लिए सफाई कराई गई है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए ठोस योजना बनाना आवश्यक है।वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल सिल्ट निकालने से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। यदि नियमित रूप से सीवर लाइन की सफाई नहीं की गई तो स्थिति फिर से बिगड़ सकती है। नागरिकों ने नगर निगम से स्थायी समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि समस्या दोबारा उत्पन्न होने पर आंदोलन किया जाएगा।
