गोरखपुर
फरियादियों की समस्याएं सुनकर डीएम ने त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
गोरखपुर। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में पहुंचे फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना। इस दौरान जिले के विभिन्न इलाकों से आए लोगों ने भूमि विवाद, राजस्व से जुड़े प्रकरण, पेंशन, आवास, बिजली, जलनिकासी, सड़क तथा अन्य जनहित संबंधी समस्याएं डीएम के समक्ष रखीं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की शिकायत को ध्यान से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही फोन कर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर मामले का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
डीएम दीपक मीणा ने यह भी निर्देश दिए कि जिन मामलों में जांच आवश्यक है, उनमें पारदर्शिता के साथ जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता को त्वरित राहत और न्याय मिलना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए संबंधित अधिकारी स्वयं पहल करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
