पूर्वांचल
पुलिस अधीक्षक ने किया कोतवाली का औचक निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा द्वारा थाना कोतवाली खलीलाबाद का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कार्यालय तथा पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली का गहनता से निरीक्षण किया गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे एवं उपस्थित पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने महिला संबंधी अपराधों एवं जनसुनवाई से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने, लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने तथा अपराध नियंत्रण हेतु नियमित गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को जनता के साथ विनम्र व्यवहार बनाए रखने तथा कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सतर्कता के साथ कार्य करने को कहा। निरीक्षण के दौरान थाना कोतवाली खलीलाबाद के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
