गोरखपुर
महिला हत्याकांड का खुलासा, मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर। गोरखपुर में महिला की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस और स्वॉट टीम की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजधारी यादव के रूप में हुई है, जो बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बोधरवा मैनागढ़ गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। वह गोरखपुर में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था।
जानकारी के मुताबिक मृतका महाराजगंज जनपद की रहने वाली थी और गोरखपुर में काम के दौरान आरोपी से उसकी पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की किसी अन्य युवक से बातचीत को लेकर आरोपी नाराज रहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह महिला को बिहार घुमाने ले गया था। वहां से लौटने के बाद 5 मई की रात वह महिला को गोरखपुर छावनी रेलवे स्टेशन से कूड़ाघाट की ओर ले गया। सुनसान स्थान पर आरोपी ने चाकू से हमला कर महिला की हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी सर्विलांस, मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने जब आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस, मोबाइल फोन और मृतका का मंगलसूत्र बरामद किया है।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के निर्देशन में थाना एम्स पुलिस और स्वॉट टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
