वाराणसी
मनीष सिंह हत्याकांड : फरार आरोपियों को शरण देने वाले पांच गिरफ्तार
वाराणसी। जनपद के पिंडरा क्षेत्र के थाना फूलपुर अंतर्गत गत दिनों सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद में मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने अहम कार्रवाई करते हुए फरार आरोपितों को शरण देने वाले पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार को मुखबिर की सूचना पर घमहापुर के पास से इन लोगों को पकड़ा गया। इन पर आरोप है कि इन्होंने हत्यारोपितों को संरक्षण दिया, उन्हें छिपाया और विभिन्न संसाधन उपलब्ध कराए। साथ ही साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया गया है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में किशन कुमार (35) और आशीष कुमार (23) निवासी केशवपुर, थाना नेवढ़िया, जनपद जौनपुर, अजय कुमार (30) और शिव मोहन राजभर (22) निवासी समोगरा, थाना फूलपुर, जनपद वाराणसी तथा प्रदीप भारद्वाज (23) निवासी रैचनपुर, थाना चोलापुर, जनपद वाराणसी शामिल हैं। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक रितेश कुमार, उपनिरीक्षक राजित राम यादव, कांस्टेबल रूपचन्द्र सरोज और कांस्टेबल अक्षय कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि यह गिरफ्तारी फरार आरोपितों तक पहुंचने में सहायक साबित होगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि मनीष सिंह हत्याकांड में पुलिस पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब फरार आरोपितों को शरण देने वालों की गिरफ्तारी से मामले में संलिप्तता का दायरा व्यापक होने के संकेत मिले हैं। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
