खेल
जिला कैरम समर लीग 24 मई से शुरू
वाराणसी। वाराणसी जिला कैरम एसोसिएशन की ओर से हर वर्ष आयोजित की जाने वाली जिला कैरम समर लीग इस बार 24 मई से प्रारंभ होकर 4 जून तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का आयोजन इंग्लिशियालाइन स्थित श्रीमती चंद्र त्रिपाठी स्मृति क्रीड़ा कक्ष में होगा।
इस प्रतियोगिता में सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग के अंतर्गत एकल, युगल तथा मिश्रित युगल तीनों प्रारूपों में मुकाबले खेले जाएंगे। सभी मैच प्रतिदिन शाम 6:00 बजे से रात 9:00 बजे के बीच संपन्न होंगे।
एसोसिएशन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों की नई रैंकिंग भी निर्धारित की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि 20 मई तय की गई है।
इस संबंध में निर्णय इंग्लिशियालाइन स्थित वाराणसी कैरम एसोसिएशन की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता संगठन के महासचिव बैजनाथ सिंह ने की। बैठक में प्रमुख रूप से रमेश वर्मा, अश्विनी चक्रवाल, विनोद यादव, शिवदयाल यादव, कृष्णा दयाल यादव, रवी आर्या, श्रीप्रसाद सोनी, हरियाली सिंह, अंजली गुप्ता और हर्षित केसरी उपस्थित रहे।
