Connect with us

दुर्घटना

अनियंत्रित पिकअप ने ऑटो को मारी टक्कर, दो लोगों की मौत

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जनपद के सरैया-सारनाथ मार्ग पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि ऑटो चालक सहित अन्य कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक पिकअप वाहन पुल से नीचे उतर रहा था, जबकि ऑटो पुराने पुल की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग दूर जा गिरे।

हादसे में 24 वर्षीय निहाल अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पंचकोशी चौराहे पर ठेला-खोपचा लगाकर जीविकोपार्जन करने वाली 60 वर्षीय श्याम दुलारी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस दुर्घटना में ऑटो चालक समेत दो अन्य यात्री भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारु किया गया, हालांकि कुछ समय के लिए मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

Advertisement

जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पिकअप चालक गुड्डू साहू को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का मुख्य कारण सामने आ रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page