Connect with us

वाराणसी

होमगार्ड भर्ती परीक्षा : सड़कों से सेंटर तक सख्ती, संदिग्धों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश

Published

on

Loading...
Loading...

अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) ने खुद संभाली कमान

वाराणसी। होमगार्ड भर्ती परीक्षा–2025 को लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। परीक्षा के पहले दिन शनिवार को अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को जनपद के 45 केंद्रों पर कराई जा रही है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित हो रही है, जिसमें पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। प्रतिदिन लगभग 40 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने का अनुमान है, जबकि तीन दिनों में यह संख्या 1.20 लाख से अधिक पहुंच सकती है।

पुलिस प्रशासन के अनुसार बलिया, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, मऊ, मीरजापुर और प्रयागराज सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आगमन को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को विशेष रूप से सुदृढ़ किया गया है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने जेपी मेहता इंटर कॉलेज, यू.पी. कॉलेज और रानी मुरार बालिका इंटर कॉलेज समेत कई परीक्षा केंद्रों का दौरा किया, जहां अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, पहचान पत्रों की जांच, सीसीटीवी निगरानी, भीड़ नियंत्रण और पुलिस तैनाती का बारीकी से निरीक्षण किया गया।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सभी ड्यूटी प्वाइंट पर सतर्कता बनाए रखें, परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करें। साथ ही यातायात पुलिस और स्थानीय थानों को समन्वय स्थापित कर प्रमुख मार्गों पर आवागमन सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने, परीक्षा प्रक्रिया में बाधा डालने या किसी प्रकार की अनियमितता करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा अवधि के दौरान सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।

Advertisement

अपर पुलिस आयुक्त ने आमजन से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ न लगाएं और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से भी शांति एवं अनुशासन बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page