वाराणसी
गोदौलिया से दशाश्वमेध तक अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस ने चलाया विशेष अभियान
वाराणसी। दशाश्वमेध क्षेत्र में पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट तक विशेष अभियान चलाया। इस कार्रवाई का नेतृत्व दशाश्वमेध एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने किया। अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगे ठेले, खोमचे, दुकानों के बाहर रखे सामान और अन्य अस्थायी कब्जों को हटवाया गया, जिससे मार्ग को अवरोध मुक्त किया जा सका।
अभियान के दौरान एसीपी डॉ. त्रिपाठी स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की। उन्होंने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह मार्ग श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आवागमन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन अतिक्रमण के चलते अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपात सेवाओं को भी बाधा का सामना करना पड़ता है।

पुलिस के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य न केवल अवैध कब्जों को हटाना है, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाना है। अतिक्रमण के कारण श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में परेशानी होती है, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं भी प्रभावित होती हैं। इसको देखते हुए प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे और किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस बल भी तैनात रहा और अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। एसीपी ने स्थानीय निवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे अपने आसपास स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखें तथा अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का साथ दें। उन्होंने इसे सभी नागरिकों की जिम्मेदारी बताते हुए शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखने पर जोर दिया।
पुलिस प्रशासन ने अंत में दुकानदारों को निर्देश दिया कि वे अपनी दुकानें निर्धारित स्थानों पर ही संचालित करें और किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे से बचें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि इस दिशा में प्रशासन आगे भी सख्ती बरतता रहेगा और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
