वाराणसी
पारिवारिक कलह से आहत विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के साईं उदयपुर (तारापुर) गांव में एक विवाहिता ने पारिवारिक विवाद से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान सुनीता यादव (29 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुनीता के पति विनय सिंह यादव रेलवे में टीसीआई पद पर कार्यरत हैं और उनकी ड्यूटी वाराणसी के काशी स्टेशन पर थी। बीते मंगलवार रात को पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद बुधवार सुबह पति के ड्यूटी पर जाने के बाद सुनीता ने घर में पंखे के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी।
घटना की सूचना मिलते ही चोलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि मृतका का मायका वाराणसी के रामेश्वर क्षेत्र में है और उसकी शादी लगभग छह साल पहले हुई थी। उसके एक पांच वर्षीय पुत्र भी है।
चंदापुर चौकी प्रभारी अवनीश कुमार मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। फिलहाल, किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
