वाराणसी
फर्जी चेक और ऑर्डर के जरिए तीन लाख से अधिक की ठगी
वाराणसी। फर्जी चेक और नकली ऑर्डर के माध्यम से एक कारोबारी से तीन लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। मुगलसराय (चंदौली) निवासी कारोबारी जावेद अख्तर ने चेतगंज थाने में तहरीर देकर घटना की जानकारी दी है।
तहरीर के अनुसार, 25 मार्च को जावेद के मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम समीर धवन बताते हुए अयोध्या में बन रहे एक रिसोर्ट के लिए सीसीटीवी सेट और सैमसंग टीवी की आवश्यकता बताई। बातचीत के दौरान 2,48,250 रुपये का सामान तय हुआ।
अगले दिन 26 मार्च की शाम आरोपित के बताए अनुसार उसका ड्राइवर चेतगंज क्षेत्र में पहुंचा। जावेद ने महाराजा रेस्टोरेंट के पास उसे पूरा सामान और बिल सौंप दिया। बदले में ड्राइवर ने कोटक महिंद्रा बैंक का 2,48,000 रुपये का चेक दिया।
इसके बाद 27 मार्च को आरोपित ने दोबारा फोन कर 32 इंच के तीन सैमसंग टीवी बस के माध्यम से भेजने को कहा और इसके बदले 52,500 रुपये नकद देने का आश्वासन दिया। जावेद ने रोडवेज बस से टीवी भेज दिया, जिसकी डिलीवरी की पुष्टि भी मैसेज के जरिए हो गई।
बाद में भुगतान के लिए संपर्क करने पर आरोपित का मोबाइल बंद मिला, जिससे ठगी का पता चला। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
