वाराणसी
विधायक नीलकंठ तिवारी ने किया कंपनी गार्डन के कायाकल्प का भूमि पूजन
वाराणसी। शहर दक्षिणी क्षेत्र के ऐतिहासिक मैदागिन स्थित भारतेंदु पार्क (कंपनी गार्डन) के कायाकल्प का रास्ता साफ हो गया है। मंगलवार सुबह क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व मंत्री नीलकंठ तिवारी ने लगभग सात करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कंपनी बाग में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाले पारंपरिक हनुमान चालीसा पाठ से हुआ। सुबह साढ़े सात बजे आरती के बाद विधायक नीलकंठ तिवारी ने मॉर्निंग वॉकर्स और स्थानीय लोगों की उपस्थिति में ‘हर हर महादेव’ और ‘जय श्री राम’ के जयघोष के बीच नारियल फोड़कर पूजन संपन्न कराया।

प्रस्तावित विकास कार्यों के तहत पार्क में आधुनिक व सुव्यवस्थित वॉकिंग पाथ का निर्माण कराया जाएगा। बच्चों के लिए नए झूले और अत्याधुनिक खेल मैदान विकसित किए जाएंगे, साथ ही पूरे परिसर का सौंदर्यीकरण और समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि कंपनी बाग शहर दक्षिणी का प्रमुख और सबसे बड़ा पार्क है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग स्वास्थ्य लाभ के लिए आते हैं। उन्होंने बताया कि लंबे समय से इसके नवीनीकरण की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है। भूमि पूजन के दौरान सुबह टहलने वाले लोगों में खासा उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
