दुर्घटना
कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, मासूम सहित तीन घायल
वाराणसी। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर फूलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सुरही के पास मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे कार और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दंपत्ति तथा उनका डेढ़ वर्षीय बच्चा घायल हो गए, जबकि कार सवार लोग सुरक्षित बताए गए हैं। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।

जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार परिवार किसी आवश्यक कार्य से जा रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रही कार से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और तीनों को चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत सहायता के लिए पहुंच गए।
हादसे के तुरंत बाद सड़क के सामने स्थित अस्पताल के चिकित्सा कर्मियों ने सक्रियता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल दंपत्ति की पहचान शुभम कुमार (30) पुत्र गिरीश तथा उनकी पत्नी अंतिमा (27) निवासी गजापुर, बड़ागांव के रूप में हुई है, जबकि उनके डेढ़ वर्षीय बच्चे को भी हल्की चोटें आई हैं। फिलहाल तीनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
