वाराणसी
असामाजिक तत्वों ने तोड़ी मूर्ति, कार्रवाई की मांग
वाराणसी। शहर के लक्सा थाना क्षेत्र में स्थित सनातन धर्म इंटर कालेज के पीछे बीती रात असामाजिक तत्वों द्वारा दैत्रावीर बाबा की मूर्ति को खंडित किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया, साथ ही पूजा-अर्चना जारी रखने के लिए उन्हें आश्वस्त किया।
स्थानीय निवासियों के अनुसार दैत्रावीर बाबा का मंदिर इलाके का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां प्रतिदिन श्रद्धालु पूजा करने आते हैं। मूर्ति खंडित होने की घटना से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और उन्होंने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
लक्सा थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है और आरोपितों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करती हैं और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
