वाराणसी
लू के थपेड़ों ने बढ़ाई परेशानी, हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ा
वाराणसी। पूर्वांचल सहित वाराणसी में मौसम का मिजाज अब तेज गर्मी की ओर बढ़ गया है। तापमान सामान्य से ऊपर पहुंचने के कारण गर्मी और लू का असर साफ तौर पर महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, आगे चलकर नमी बढ़ने के साथ बादलों की सक्रियता की संभावना भी जताई गई है।
रविवार को सुबह के समय मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहा और हल्की हवाओं ने कुछ राहत दी, लेकिन सुबह नौ बजे के बाद गर्म हवाएं चलने लगीं जो दोपहर तक और तीव्र होती चली गईं। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए लोगों ने ठंडे पेयों की ओर रुख किया। सड़कों और बाजारों में आम पन्ना की मांग सबसे अधिक देखने को मिली। गन्ने के ताजे रस ने भी लोगों को गर्मी से कुछ देर की राहत दी। लस्सी पीकर लोगों ने शरीर को ठंडक और ऊर्जा देने का प्रयास किया। दिनभर की तपिश के बीच इन पेयों ने लोगों को काफी हद तक सुकून पहुंचाया।
मौसम विभाग ने सोमवार तक हीट वेव का प्रभाव जारी रहने की चेतावनी दी है। माना जा रहा है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ने के साथ ठंड का प्रभाव समाप्त हो गया है। आने वाले दिनों में नमी बढ़ने पर बादलों की सक्रियता संभव है, जबकि पुरवाई हवाएं प्री-मानसूनी बारिश का कारण बन सकती हैं, हालांकि इसके लिए अभी लगभग एक माह का समय लग सकता है।
बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक है। इस दौरान आर्द्रता न्यूनतम 19 प्रतिशत और अधिकतम 35 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है और अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री तक ऊपर जा सकता है। न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं और हीट स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ेगा।
