Connect with us

खेल

SRH vs CSK : सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 10 रन से हराया

Published

on

Loading...
Loading...

प्रफुल्ल हिंगे बने जीत के नायक

नई दिल्ली। आईपीएल ( IPL) के 27वें मुकाबले में हैदराबाद स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 10 रनों से पराजित किया। मुकाबला रोमांचक रहा, जिसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 20 ओवर में 194 रन बनाए और 195 रनों का लक्ष्य दिया, जिसे चेन्नई हासिल नहीं कर सकी। चेन्नई की टीम निर्धारित 20 ओवर में 184 रन ही बना पाई।

टॉस जीतकर चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। हैदराबाद की शुरुआत मजबूत रही। ट्रेविस हेड ने 20 गेंदों में 23 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और 22 गेंदों पर 59 रन बनाकर आउट हुए। हेनरिक क्लासेन ने भी 39 गेंदों में 59 रन की पारी खेली, हालांकि अंतिम ओवरों में चेन्नई के गेंदबाजों ने वापसी करते हुए रनगति पर अंकुश लगाया और टीम को 194 रन तक सीमित रखा।

Advertisement

चेन्नई की ओर से जेमी ओवर्टन और अंशुल कंबोज ने तीन-तीन विकेट लिए। मुकेश चौधरी ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट झटके, जबकि गुरजपनीत सिंह को एक सफलता मिली। नूर अहमद को कोई विकेट नहीं मिला, लेकिन उन्होंने चार ओवर में 33 रन देकर किफायती गेंदबाजी की।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत कमजोर रही और संजू सैमसन 7 रन बनाकर नीतीश कुमार रेड्डी का शिकार बने। इसके बाद आयुष म्हात्रे ने 13 गेंदों में 30 रन बनाकर पारी को संभालने का प्रयास किया, लेकिन वे भी जल्दी आउट हो गए। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ फिर से बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। डेवाल्ड ब्रेविस बिना खाता खोले लौट गए। मैथ्यू शॉट्स ने सर्वाधिक 34 रन बनाए, जबकि सरफराज खान ने 25 और शिवम दुबे ने 21 रन का योगदान दिया। नियमित अंतराल पर गिरते विकेटों ने टीम की उम्मीदों को कमजोर कर दिया।

अंतिम ओवर में चेन्नई को जीत के लिए 18 रन चाहिए थे। इस दौरान अंशुल कंबोज और जेमी ओवर्टन क्रीज पर थे, लेकिन 20वां ओवर डालने आए प्रफुल्ल हिंगे ने दबाव में शानदार गेंदबाजी की। नो बॉल के बावजूद उन्होंने सिर्फ 8 रन खर्च किए और टीम को 10 रन से जीत दिलाई।

Advertisement

हैदराबाद की ओर से ईशान मलिंगा ने तीन विकेट लिए, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी को दो सफलता मिली। प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन और शिवांग कुमार ने एक-एक विकेट हासिल किया। हिंगे ने चार ओवर में 60 रन दिए, लेकिन अंतिम ओवर में 18 रन बचाकर मैच के हीरो साबित हुए। इससे पहले मुकाबले में उन्होंने एक ही ओवर में तीन विकेट लेकर रिकॉर्ड बनाया था।

इस मुकाबले में महेंद्र सिंह धोनी और पैट कमिंस दोनों ही नहीं खेले। पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल रही, फिर भी कोई भी टीम 200 रन के आंकड़े को पार नहीं कर सकी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page