Connect with us

खेल

DC vs RCB : दिल्ली कैपिटल्स ने आरसीबी को 6 विकेट से हराया

Published

on

Loading...
Loading...

बेंगलुरु। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 26वें मुकाबले में एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 विकेट से पराजित कर दिया। 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने आखिरी ओवर में जीत हासिल की, जिसमें ट्रिस्टन स्टब्स और केएल राहुल की अर्धशतकीय पारियों ने निर्णायक भूमिका निभाई।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत खराब रही और टीम ने पावरप्ले के भीतर ही पथुम निसंका (1), करुण नायर (5) और समीर रिजवी (2) के विकेट गंवा दिए। इन तीनों बल्लेबाजों को भुवनेश्वर कुमार ने आउट किया। इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स और केएल राहुल ने पारी को संभालते हुए चौथे विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी की। राहुल ने 34 गेंदों पर 57 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उनका विकेट क्रुणाल पंड्या ने लिया। बाद में स्टब्स और डेविड मिलर ने तेज़ी से रन जोड़ते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया। स्टब्स 47 गेंदों में नाबाद 60 रन बनाकर लौटे, जबकि मिलर ने 10 गेंदों पर नाबाद 22 रन बनाए।

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 175 रन बनाए। टीम की शुरुआत सकारात्मक रही और विराट कोहली व फिल साल्ट के बीच पहले विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी हुई। कोहली 19 रन बनाकर लुंगी एनगिडी की गेंद पर पथुम निसंका को कैच दे बैठे। इसके बाद फिल साल्ट और देवदत्त पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए 47 रन जोड़े। पडिक्कल 18 रन बनाकर अक्षर पटेल का शिकार बने।

Advertisement

फिल साल्ट ने 38 गेंदों पर 63 रन की पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे, लेकिन कुलदीप यादव ने उन्हें आउट कर बेंगलुरु को तीसरा झटका दिया। कप्तान रजत पाटीदार 8 रन बनाकर मुकेश कुमार की गेंद पर पवेलियन लौटे। इसके बाद टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही, जिससे बड़ा स्कोर खड़ा नहीं हो सका। टिम डेविड ने 26, क्रुणाल पंड्या ने 12, जितेश शर्मा ने 14, जबकि रोमारियो शेफर्ड 1 रन ही बना सके। दिल्ली की ओर से लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए।

आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 34 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 20 मैच जीते हैं, जबकि दिल्ली कैपिटल्स को 13 मुकाबलों में सफलता मिली है। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग इलेवन में विराट कोहली, फिल साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा और जोश हेजलवुड शामिल रहे, जबकि इम्पैक्ट सब के रूप में रसिक सलाम डार को रखा गया।

Advertisement

दिल्ली कैपिटल्स की टीम में पथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, आकिब नबी डार, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी. नटराजन और मुकेश कुमार शामिल रहे, जबकि इम्पैक्ट सब के तौर पर करुण नायर को उतारा गया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page